विश्व जनसंख्या दिवस पर झलमला में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता एवं लोक अदालत की दी गई जानकारी

जांजगीर-चांपा। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जांजगीर-चांपा के मार्गदर्शन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण माननीय श्री मनोज कुमार कुशवाहा के निर्देशानुसार तथा माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति, पामगढ़ श्रीमती शीलू केसरी के मार्गदर्शन में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत झलमला में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पैरा लीगल वालंटियर (पीएलव्ही) गजानंद प्रसाद कश्यप ने विश्व जनसंख्या दिवस के उद्देश्य एवं वर्ष **2026 की थीम – “युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना – आज और भविष्य के लिए” – पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यह विषय युवाओं की वर्तमान आवश्यकताओं, चुनौतियों और उनके सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य को ध्यान में रखकर निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले “समाधान समारोह” की प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जिसके अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आवेदक एवं अनावेदक की भौतिक तथा आभासी (वर्चुअल) उपस्थिति में आपसी सुलह के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण का प्रयास किया जा रहा है।
श्री कश्यप ने उपस्थित ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर पीएलव्ही नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने चेक बाउंस प्रकरणों के लिए 18 जुलाई एवं 21 नवंबर 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत, घरेलू हिंसा से संरक्षण, महिला हेल्पलाइन, प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं कानूनी उपायों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में गोरेलाल निराला, ओंकार प्रसाद शर्मा, दुष्यंत कुमार निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से आमजन को कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सेवाओं तथा वैकल्पिक विवाद निवारण की व्यवस्था के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।




