छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान: ग्राम पंचायत ससहा में शुरू हुआ व्यापक नाली सफाई अभियान, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

पामगढ़। ग्राम पंचायत ससहा में वर्षों से बंद पड़ी नालियों को खोलने और गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से व्यापक सफाई अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से लंबे समय से जाम पड़ी नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को पुनः सुचारु किया जा रहा है।

वर्षों से नालियों में मिट्टी, कचरा और झाड़-झंखाड़ जमा होने के कारण बरसात के मौसम में जलभराव, गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता था, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत ने जेसीबी मशीन एवं श्रमिकों की सहायता से नालियों की सफाई का कार्य शुरू कराया।

सफाई अभियान के चलते अब नालियों में पानी का बहाव सुचारु होने लगा है, जिससे गांव में जलभराव की समस्या कम होने के साथ-साथ स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण हो रहा है।

सरपंच एवं सचिव ने बताया कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य गांव को स्वच्छ, स्वस्थ एवं जलभराव मुक्त बनाना है। इसी क्रम में गांव की अन्य जाम एवं बंद नालियों की भी चरणबद्ध तरीके से सफाई कराई जाएगी, ताकि प्रत्येक वार्ड में बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान होने से विशेषकर वर्षा ऋतु में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इसे ग्राम विकास, स्वच्छता और जनहित की दिशा में एक प्रभावी एवं सराहनीय कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!