जांजगीर-चांपा में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 12 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब जब्त

जांजगीर-चांपा, 15 जुलाई। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने बुधवार को जिलेभर में एक साथ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में देर रात से शुरू हुई कार्रवाई सुबह तक जारी रही। इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 120 लीटर कच्ची महुआ शराब और 191 पाव देशी प्लेन शराब सहित कुल 39,280 रुपये की अवैध शराब जब्त की। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अभियान के तहत देर रात नेशनल हाईवे स्थित ढाबों की सघन जांच की गई। वहीं सुबह पामगढ़, शिवरीनारायण, बलौदा, सारागांव, नवागढ़, अकलतरा और जांजगीर थाना क्षेत्रों सहित ग्राम तूषमा, कुरियारी, कमरीद और सहसा में अवैध शराब बनाने वालों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
पुलिस के अनुसार पामगढ़ थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 82 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। शिवरीनारायण में 25 लीटर कच्ची महुआ शराब और 60 पाव देशी शराब, बलौदा से 34 पाव, सारागांव से 32 पाव, जांजगीर से 30 पाव देशी शराब तथा नवागढ़ और अकलतरा से भी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। अकलतरा क्षेत्र के विराट ढाबा और विजय ढाबा में शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले ऐसे अवैध कारोबारियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।




