छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

सभी ग्राम पंचायतों में 24 अप्रैल को होगा विशेष ग्राम सभा का आयोजन

जांजगीर-चांपा। पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत सभा का आयोजन किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 अप्रैल को विशेष ग्राम सभा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वर्ष 1993 में 73वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायती राज व्यवस्था को संवैधानिक दर्जा प्राप्त हुआ, जो ग्राम पंचायतों में स्थानीय स्वशासन की सशक्त नींव का प्रतीक है। इसी के तहत 24 अप्रैल 2026 को सभी ग्राम पंचायतों में विविध कार्यक्रम आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया है। विशेष ग्राम सभा के अंतर्गत ग्राम के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ एवं सम्मानित नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। ग्राम संवाद कार्यक्रम के तहत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उप मुख्यमंत्री का 20 मिनट का रिकॉर्डेड संदेश ग्राम पंचायत स्तर पर प्रसारित किया जाएगा। कार्यक्रम में ग्राम के ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तियों-जैसे कलाकार, नर्तक, खिलाड़ी अथवा अन्य विधाओं में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करने वाले नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं (लखपति दीदी) का भी सम्मान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए तैयार पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स स्कोर कार्ड का प्रदर्शन किया जाएगा। ग्राम को स्वच्छ बनाए रखने हेतु संकल्प लिया जाएगा तथा सार्वजनिक एवं शासकीय भवनों में साफ-सफाई की जाएगी। ग्राम सभा में सामुदायिक संसाधनों के संरक्षण, आदर्श ग्राम पंचायत के निर्माण तथा “मोर गांव-मोर पानी” अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण के प्रयासों पर चर्चा करते हुए आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!