छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

पामगढ़ टाइम्स के तृतीय स्थापना दिवस पर प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, समाज के विभिन्न क्षेत्रों की उत्कृष्ट हस्तियों को किया गया सम्मानित

पामगढ़, 18 जुलाई। पामगढ़ टाइम्स मासिक पत्रिका के तृतीय स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार, 18 जुलाई 2026 को श्यामा पैलेस, नेवराबंद रोड, पामगढ़ में भव्य स्थापना दिवस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज सेवा, पत्रकारिता, शिक्षा, व्यापार, कला तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत माता के तैलचित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पामगढ़ टाइम्स के संपादक उदय हरबंश ने पत्रिका की तीन वर्षों की वैचारिक यात्रा को साझा करते हुए कहा कि पामगढ़ टाइम्स केवल एक मासिक पत्रिका नहीं, बल्कि क्षेत्र की समस्याओं, उपलब्धियों और जनभावनाओं की सशक्त आवाज़ बनने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बीते 36 महीनों में पत्रिका ने समाज के उन वर्गों तक भी अपनी पहुंच बनाई है, जो मुख्यधारा से कहीं न कहीं उपेक्षित रहे हैं। भविष्य में भी निष्पक्ष, जनहितकारी और सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज़ बुलंद करने का संकल्प जारी रहेगा।

समारोह को मुख्य अतिथि नगर पंचायत पामगढ़ की अध्यक्ष गौरी जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य प्रीति अजय दिव्य, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संतोष लहरे, पूर्व जनपद अध्यक्ष डमरू मनहर, साहित्यकार समय दास अविनाशी, समाजसेवी विभीषण पात्रे, व्यापारी संघ अध्यक्ष शशि प्रताप टांडे सहित अन्य अतिथियों ने संबोधित करते हुए पामगढ़ टाइम्स की जनसरोकार आधारित पत्रकारिता की सराहना की तथा पत्रिका के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर समाज सेवा, पत्रकारिता, शिक्षा, व्यापार, प्रशासन, कला एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करते हुए ‘अरपा पैरी के धार’ गीत की प्रस्तुति तथा संविधान वाचन भी किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (कोटा डबरी, चांपा), सूरज स्टील फर्नीचर एवं एल्यूमिनियम, गुप्ता मोबाइल एंड इंटरप्राइजेज, एच.के. फ्यूल्स, विधाता जनरल स्टोर, गुरु नानक हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रिकल्स, मोनिका मोबाइल, आदित्य सर्विसेज, पंकज पेट्रोलियम, अमित सेल्स, सूरज बूट हाउस, अनीशा जनरल स्टोर एंड बुक डिपो, ब्रिलियंट मॉडल स्कूल, अमर ट्रेडर्स, अमर मोबाइल, देव इलेक्ट्रिकल्स, कान्हा ट्रेडर्स, साईं कंप्यूटर वर्ल्ड, श्री ज्वेलर्स, माँ प्रज्ञा पैथोलॉजी एवं गणेश फ्लाई ऐश ब्रिक्स सहित अनेक संस्थानों का विशेष सहयोग रहा।

समारोह में किशोरी कश्यप, हरप्रीत गांधी, उमेश कांत, शुभम दिनकर, प्रकाश लहमोर, विश्वनाथ प्रताप यादव, रामविश्वास सोनकर, सुनील दिनकर, देवनारायण, कृष्णा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं अंत में आभार प्रदर्शन वीरेंद्र देवांगन द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!