छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

विकसित भारत जी-राम ग्रामीण योजना 2025 पर सरपंचों को दिया गया प्रशिक्षण

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पंचायतों की क्षमता संवर्धन और सहभागी ग्रामीण विकास के संबंध में दी गई जानकारी

     जांजगीर-चांपा, 10 अगस्त 2026। विकसित भारत जी-राम ग्रामीण योजना 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों की क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से आज जिला स्तरीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित हुआ। प्रथम सत्र में बलौदा, अकलतरा एवं बम्हनीडीह तथा द्वितीय सत्र में नवागढ़ एवं पामगढ़ जनपद पंचायतों के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में किया गया। प्रशिक्षण में पंचायत प्रतिनिधियों को विकसित भारत जी-राम ग्रामीण योजना 2025 के उद्देश्यों, प्रावधानों एवं प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायत विकास योजना, ग्रामीण आजीविका संवर्धन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, विभिन्न शासकीय योजनाओं के अभिसरण, वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सहित ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। पंचायत प्रतिनिधियों को ग्राम स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं एवं उपलब्ध संसाधनों के आधार पर विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने तथा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।

प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी श्री गौरव शुक्ला, श्री लक्ष्मी प्रसाद राठौर, श्री विवेक अग्रवाल ने पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण में सरपंचों को योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की व्यवहारिक जानकारी भी दी गई। ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की बेहतर योजना तैयार करने, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने कहा गया। प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों के सृजन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं संवर्धन तथा ग्राम पंचायतों की विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया।

पंचायत प्रतिनिधियों को प्रोत्साहित किया गया कि वे स्थानीय समुदाय की सहभागिता से ग्राम विकास की योजनाएं तैयार करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को विकसित भारत जी-राम योजना के प्रावधानों से परिचित कराने के साथ उनकी कार्यक्षमता एवं निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करना रहा, ताकि ग्राम पंचायत स्तर पर सुनियोजित, पारदर्शी, सहभागी एवं परिणाममूलक ग्रामीण विकास को गति मिल सके। इस दौरान सरपंचो की जिज्ञासाओं को भी दूर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!