छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जिले में गरिमामय एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सल

 

जांजगीर-चांपा, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जांजगीर स्थित शासकीय हाईस्कूल मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इसके पश्चात उन्होंने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन करते हुए जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब ने स्वतंत्रता, शौर्य और राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों का शॉल एवं श्रीफल से सम्मान किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।

परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थाओं के दलों ने आकर्षक परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। परेड के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल ने प्रथम, एनसीसी बालिका टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर ने द्वितीय तथा एनसीसी बालक टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

जूनियर वर्ग में एनसीसी ज्ञानदीप उमावि जांजगीर प्रथम, एनसीसी 325 ट्रूप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर बालक द्वितीय तथा एनसीसी सेजेस क्रमांक-1 बालिका जांजगीर तृतीय स्थान पर रहे। गाइड दल में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गट्टानी जांजगीर ने प्रथम तथा शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय जांजगीर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरदी ने शानदार प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। ज्ञानदीप उमावि जांजगीर को द्वितीय तथा सेजेस चांपा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया गया वृक्षारोपण

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 जांजगीर परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।

शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों को दी श्रद्धांजलि

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब ने जांजगीर जिला मुख्यालय के कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की आजादी और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों के योगदान को नमन किया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति

समारोह में विधायक जांजगीर-चांपा श्री ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक श्री मोतीलाल देवांगन, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया, नगर पालिका जांजगीर-नैला उपाध्यक्ष श्री मोहन यादव सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम सहित जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री सतीश सिंह एवं श्री दीपक यादव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!