
रूपकुमारी चौधरी बनीं महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, दीपक महस्के को सोशल मीडिया की कमान
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी बहुप्रतीक्षित नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि दीपक महस्के को सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है।
जमीनी राजनीति से राष्ट्रीय जिम्मेदारी तक रूपकुमारी चौधरी
महासमुंद लोकसभा से भाजपा सांसद रूपकुमारी चौधरी छत्तीसगढ़ की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। अघरिया समाज से आने वाली रूपकुमारी चौधरी की पहचान एक जमीनी और संगठनात्मक नेता के रूप में रही है। वे इससे पहले बसना विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और संगठन में भी विभिन्न जिम्मेदारियां निभाती रही हैं।
5 जुलाई 1976 को महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के ग्राम धनापाली में जन्मीं रूपकुमारी चौधरी ने दसवीं तक शिक्षा प्राप्त की। उनका विवाह 1 अप्रैल 1993 को सरायपाली ब्लॉक के ग्राम हर्राटार निवासी ओमप्रकाश चौधरी से हुआ। उनके एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
जिला पंचायत सदस्य से सांसद तक का सफर
रूपकुमारी चौधरी ने वर्ष 2005 में सरायपाली विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य चुने जाने के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। इसके बाद वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र बहादुर सिंह को हराकर पहली बार विधायक के रूप में जीत दर्ज की।
इसके बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता लगातार बढ़ती गई और अब महासमुंद सांसद के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी मिली है। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
दीपक महस्के को सोशल मीडिया की राष्ट्रीय जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ से भाजपा की राष्ट्रीय टीम में शामिल दूसरा प्रमुख नाम दीपक महस्के का है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक महस्के को भाजपा का राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है।
पार्टी संगठन में उनकी पहचान आईटी, सोशल मीडिया, मीडिया और चुनावी रणनीति से जुड़े सक्रिय नेता के रूप में रही है।
IT सेल से राष्ट्रीय सोशल मीडिया तक
दीपक महस्के वर्ष 2014 में छत्तीसगढ़ भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक के रूप में सक्रिय रहे। इस दौरान चुनावी अभियानों में सोशल मीडिया और तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल पर उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्ष 2018 में भी उन्होंने भाजपा के सोशल मीडिया वॉलंटियर नेटवर्क को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों से जोड़ने और प्रशिक्षण देने की दिशा में काम किया। क्षेत्रवार व्हाट्सऐप समूहों सहित डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संगठन को मजबूत करने की रणनीति में भी उनकी भूमिका रही।
मीडिया और राजनीतिक संवाद में भी सक्रिय
दीपक महस्के भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी सक्रिय रहे हैं। विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर उन्होंने पार्टी का पक्ष मजबूती से मीडिया के सामने रखा। संगठन, मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लंबे अनुभव के चलते राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया की जिम्मेदारी के लिए उनका चयन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी से प्रदेश संगठन में उत्साह का माहौल है। रूपकुमारी चौधरी और दीपक महस्के के राष्ट्रीय स्तर पर नई भूमिकाओं में आने से छत्तीसगढ़ की राजनीतिक और संगठनात्मक उपस्थिति को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।




