छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपापामगढ़

राज्य कर्मचारी संघ की पामगढ़ तहसील इकाई का पुनर्गठन, पुष्कर साहू अध्यक्ष और आदित्य सिंह बने सचिव

पामगढ़। राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़, जिला जांजगीर–चांपा के तत्वावधान में शनिवार, 21 नवंबर को बीआरसी भवन पामगढ़ में तहसील शाखा की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी पुष्कर साहू को तहसील अध्यक्ष तथा शिक्षा विभाग के आदित्य सिंह को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह चंदेल ने की। बैठक में जिले एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य कर्मचारी संघ का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करना, उनकी जायज मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना तथा विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करना है। साथ ही कर्मचारियों से संगठन की सदस्यता लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की अपील की गई।

नवीन कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी

तहसील शाखा पामगढ़ की नवीन कार्यकारिणी में पुष्कर साहू (स्वास्थ्य विभाग) को अध्यक्ष, सनोद कुर्रे (शिक्षा विभाग) को कार्यकारी अध्यक्ष, आदित्य सिंह (शिक्षा विभाग) को सचिव, दिलीप कुमार सिंह एवं डी.आर. टोनी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सनत बंजारे, कुंजल सिंह कंवर एवं कुंवर प्रसाद सिन्हा को उपाध्यक्ष, भूपति राव को संगठन सचिव, संदीप तिवारी को कोषाध्यक्ष, चंद्रशेखर साहू एवं पंचराम वस्त्राकार को सहसचिव, भूपेन्द्र भारद्वाज को कार्यालय मंत्री तथा जय कुमार कुर्रे को प्रचार सचिव नियुक्त किया गया।

महिला प्रकोष्ठ का भी हुआ गठन

महिला प्रकोष्ठ में अनीता सूर्यवंशी को अध्यक्ष, चंद्रकला शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष, गनेशी बंजारे को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा मनीषा सोनी को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं आर.के. उपाध्याय (तहसील अध्यक्ष, प्रगतिशील पेंशन संघ) एवं विद्याभूषण साहू (वरिष्ठ सलाहकार, स्वास्थ्य विभाग) को विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी दी गई।

कर्मचारी हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह चंदेल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसकी एकता, आपसी समन्वय और समर्पण में निहित होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कर्मचारी हितों को सर्वोपरि रखते हुए संगठन की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही पामगढ़ क्षेत्र से अपने विशेष जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कर्मचारी हितों के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सभा को ओमप्रकाश राठौर ने भी संबोधित किया और कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन राहुल कुमार शर्मा, संयोजक एवं संगठन प्रभारी, तहसील शाखा शिवरीनारायण ने किया। अंत में जिला सचिव नरेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

नवीन कार्यकारिणी के गठन से पामगढ़ क्षेत्र के कर्मचारियों में उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित कर्मचारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम कर्मचारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी और संगठन को नई दिशा प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!