
रायपुर :- छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा (LSAT-26) में शामिल होने वाले पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
यह निर्णय छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को दिए गए आदेश के पालन में लिया गया है। इसके तहत दृष्टिबाधित, बधिर एवं सेरेब्रल पाल्सी से संबंधित पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन का अवसर प्रदान किया गया है।
मंडल के अनुसार, सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 6 दिसंबर 2026, रविवार को किया जाएगा। परीक्षा के लिए प्रदेश के 15 जिला मुख्यालयों में केंद्र बनाए जाएंगे।
पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://vyapamcg.cgstate.gov.in तथा https://cgssb.cgstate.gov.in पर प्राप्त कर सकते हैं।




