
रायपुर, अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ की लोककला और संगीत की धुन अब केवल देश तक सीमित नहीं रही, बल्कि विदेशों में भी अपनी खास पहचान बना रही है। इसी कड़ी में, प्रदेश के सुप्रसिद्ध लोक एवं पार्श्व गायक अनुराग शर्मा ने अमेरिका में अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। यह अवसर छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि पहली बार किसी छत्तीसगढ़ी गायक को अमेरिका में प्रस्तुति देने के लिए विशेष आमंत्रण मिला।
अमेरिका में गूंजा “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” अनुराग शर्मा के कार्यक्रम में वहां रह रहे छत्तीसगढ़वासी और भारतीय मूल के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। उनकी कर्णप्रिय और मनमोहक प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा और “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” के नारों से माहौल जीवंत हो गया। इस अपार सम्मान को देखकर अनुराग भावुक हो उठे। कार्यक्रम की सफलता से प्रभावित होकर वहां के आयोजकों और दर्शकों ने उनसे आगे भी प्रस्तुतियां देने का आग्रह किया।
संगीत से अभिनय तक – नई शुरुआत लोकगीत, जसगीत और भक्ति गीतों से अपनी अलग पहचान बना चुके अनुराग शर्मा अब अभिनय की दुनिया में भी कदम रख रहे हैं। वे शीघ्र ही निर्देशक गंगा सागर पंडा की छत्तीसगढ़ की पहली 3D हॉरर फिल्म “बलि” में एक दमदार खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे।
वापसी पर भव्य स्वागत अमेरिका दौरे से लौटने के बाद अनुराग शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयां दीं और गर्व व्यक्त किया कि उन्होंने विदेशों में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और लोककला का परचम फहराया है।
शैक्षणिक गीतों में भी योगदान गौरतलब है कि अनुराग शर्मा ने छत्तीसगढ़ की पाठ्यपुस्तकों में शामिल चुनिंदा कविताओं को नवाचारी शिक्षक हेमंत खुटे की पहल पर “गुंजन” शीर्षक से स्वरबद्ध किया है, जो विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित हो रहे हैं।




