छत्तीसगढ़पामगढ़

ऐतिहासिक गढ़ के भीतर एसआरएलएम सेंटर बनाने का विरोध, नगरवासियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

पामगढ़। नगर पंचायत पामगढ़ क्षेत्र के ऐतिहासिक गढ़ परिसर के भीतर एसआरएलएम सेंटर (कचरा निपटान केंद्र) बनाए जाने के प्रस्ताव का नगरवासियों ने विरोध किया है। इस संबंध में नगरवासियों ने सीएमओ नगर पंचायत पामगढ़ और एसडीएम पामगढ़ को ज्ञापन सौंपकर गढ़ के भीतर कचरा निपटान केंद्र नहीं बनाने की मांग की।

नगरवासियों का कहना है कि नगर पंचायत परिषद पामगढ़ द्वारा कुछ दिन पहले गढ़ के भीतर कचरा निपटान केंद्र निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था। उस समय भी नगरवासियों ने सीएमओ के समक्ष मौखिक रूप से आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा था कि गढ़ ऐतिहासिक महत्व का स्थल है, इसलिए यहां कचरा निपटान केंद्र नहीं बनाया जाना चाहिए।

इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा हाल ही में गढ़ के भीतर दूसरी भूमि पर एसआरएलएम सेंटर का भूमिपूजन कर दिया गया। मंगलवार दोपहर को इंजीनियर द्वारा लेआउट की प्रक्रिया शुरू की जा रही थी, तभी नगरवासियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद लेआउट का कार्य फिलहाल रोक दिया गया।

नगरवासियों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि ऐतिहासिक गढ़ परिसर के भीतर एसआरएलएम सेंटर का निर्माण न किया जाए और इसके लिए किसी अन्य स्थान का चयन किया जाए।

ज्ञापन सौंपने वालों में शशीप्रताप टांडे, दिनेश थवाईत, देवेंद्र यादव, मनोज घोष सहित कई वार्डों के पार्षद और नगरवासी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!