छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर ने पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का किया निरीक्षण

साफ-सफाई, लैब, जिम, खेलकूद सामग्री, लाइब्रेरी का अवलोकन कर दिए आवश्यक सुधार के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 13 मार्च 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जांजगीर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं में कमी पाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लैब, जिम, खेलकूद सामग्री, लाइब्रेरी, साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया एवं साफ-सफाई संसाधनों को दुरुस्त करने सहित शीघ्र आवश्यक सुधार करने के संबंधित अधिकारी एवं प्राचार्य को निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी तथा विभिन्न प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षाओं में अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था, विद्यार्थियों के बैठने की स्थिति तथा उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। इस दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वाटर कूलर के आसपास साफ-सफाई रखने तथा वहां सोकपिट निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने और पानी की टंकी की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्यालय में स्थापित सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन के सुचारू संचालन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विद्यालय की लैब का निरीक्षण करते हुए प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरण और लैब को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने तथा विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक अध्ययन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रयोगशालाओं का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान मिल सके। इसके अलावा कलेक्टर ने विद्यालय की लाइब्रेरी, स्पोर्ट्स कक्ष, जिम तथा रोबोटिक लैब का भी अवलोकन किया। उन्होंने खेल सामग्री के नियमित उपयोग के लिए हॉल में समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिल सके। साथ ही लाइब्रेरी में पुस्तकों के संधारण एवं निर्गमन की प्रक्रिया को कंप्यूटरीकृत करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों को पुस्तकों की उपलब्धता और उपयोग में आसानी हो सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में संधारित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों का भी अवलोकन किया और उनके नियमित अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय भवन के कुछ कक्षों की मरम्मत कराने तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र सुधार करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार सिन्हा, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!