छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक, सड़क, निर्माण कार्य, स्वास्थ्य और जनशिकायतों की विस्तृत समीक्षा

2 नवंबर को हाईस्कूल मैदान में होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, सशक्त नारी, युवा उड़ान की थीम पर होगा आयोजन

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें, शिकायतकर्ताओं से लें फीडबैक – कलेक्टर

जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्योत्सव-2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिले में 2 नवंबर को जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री महोबे ने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, मंच, बिजली, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही 1 से 3 नवंबर तक सभी शासकीय भवनों में रात्रि के समय रोशनी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायतों का निराकरण दर्ज करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत का निराकरण करने के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से स्वयं बातचीत कर फीडबैक लें। इससे निराकरण की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता का पता चलेगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में जिले में चल रहे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्यों के दौरान आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने, पर्याप्त संकेतक लगाने और निर्माण कार्यों की जानकारी देने को कहा। उन्होंने सड़क एवं डिवाइडर निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन करने, रोलर चलाने, आवश्यकतानुसार पानी का छिड़काव करने तथा बारिश के दौरान सड़कों पर पानी जमा होने की समस्या से बचाव के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे। कलेक्टर ने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों से प्रगतिरत निर्माण कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने इन कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जांच के लिए स्वयं निरीक्षण करने की बात कही।

कलेक्टर श्री महोबे ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी आवश्यक जांच सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित रहें और चिकित्सा उपकरण कार्यरत अवस्था में हों। उन्होंने चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उनके द्वारा औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। कलेक्टर ने सेवा सेतु पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा से बाहर लंबित सभी प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुघ्घर छत्तीसगढ़ पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियां निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की विभिन्न पोर्टल पर दर्ज जानकारी की नियमित समीक्षा करें।

बैठक में कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केंद्र में 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले पीएम किसान उत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता दें और अधिक से अधिक नागरिकों को योजना के लाभ, पात्रता एवं प्रक्रिया की जानकारी देकर उन्हें इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर श्री प्रमोद गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री आर के तंबोली, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!