पामगढ़ में सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री का कोसला धाम आगमन, माता कौशल्या मंदिर में की पूजा-अर्चना

पामगढ़ :- सुशासन तिहार के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोसला पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध माता कौशल्या धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली, समृद्धि एवं शांति की कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री के कोसला धाम पहुंचते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने आत्मीय स्वागत किया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने माता कौशल्या एवं प्रभु श्रीराम के दर्शन कर प्रदेश की उन्नति और जनता के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था हमारी पहचान है। राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और संवर्धन को भी प्राथमिकता दे रही है।
मंदिर सेवा समिति की ओर से मुख्यमंत्री को माता कौशल्या मंदिर की आकर्षक तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री के अचानक कोसला आगमन से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव श्री रजत बंसल, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




