
रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रायपुर दौरे को लेकर राजधानी में हाई अलर्ट और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से सुबह की सैर के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धरमलाल कौशिक रोजाना की तरह सुबह करीब 8 बजे टहलने निकले थे। इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके हाथ से मोबाइल झपटकर तेज रफ्तार में फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
वारदात की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
हाई प्रोफाइल क्षेत्र में हुई इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उस समय जब शहर में वीवीआईपी दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।




