छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा पुलिस की तैयारी मजबूत: पुलिस लाइन में हुआ बलवा ड्रिल अभ्यास, जवानों ने दिखाया त्वरित कार्रवाई का दम

जांजगीर चांपा, 12 जून 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस लाइन जांजगीर में जनरल परेड के पश्चात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को बलवा ड्रिल (Riot Control Drill) का विशेष अभ्यास कराया गया।

अभ्यास के दौरान पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, दंगाई गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा संवेदनशील परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही बलवा नियंत्रण में उपयोग होने वाले सुरक्षा उपकरणों एवं आवश्यक सावधानियों की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों को निर्देशित करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान धैर्य, सतर्कता एवं संयम सबसे महत्वपूर्ण हैं। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को हमेशा तैयार रहना चाहिए तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखना चाहिए।

मुख्य उद्देश्य इस बलवा ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता, समन्वय क्षमता एवं आपदा अथवा आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की दक्षता को बढ़ाना रहा। अभ्यास के दौरान जवानों ने विभिन्न परिस्थितियों में भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का सफल प्रदर्शन किया।

पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं, जिससे पुलिस बल की दक्षता में वृद्धि हो और नागरिकों की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

उपस्थित अधिकारी इस अवसर पर SDOP प्रदीप कुमार सोरी, CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी, निरीक्षक रामकुमार जैन (यातायात), निरीक्षक सावन कुमार सारथी (थाना प्रभारी पामगढ़), निरीक्षक भास्कर शर्मा (थाना प्रभारी अकलतरा), निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, निरीक्षक कमलेश सेंडे (थाना प्रभारी अजाक), उपनिरीक्षक दिलीप सिंह (थाना प्रभारी बम्हनीडीह), जिले के प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!