
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूलों के खुलने की तारीख को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित आदेश को स्कूल शिक्षा विभाग ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून 2026 से ही संचालित होंगे। स्कूल खुलने की तिथि में किसी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित पत्र में स्कूलों को 1 जुलाई से खोलने का दावा किया जा रहा है, जबकि विभाग द्वारा ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से अपील की है कि वे केवल विभाग के आधिकारिक आदेशों और विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।
मंत्री ने बताया कि वायरल दस्तावेज पूरी तरह फर्जी है और इसकी सत्यता की जांच की जा रही है। फर्जी आदेश तैयार कर उसे प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
16 जून को मनाया जाएगा शाला प्रवेश उत्सव
स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर में 16 जून 2026 को शाला प्रवेश उत्सव आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में सभी कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालय प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे गए हैं।
विभाग के अनुसार शाला प्रवेश उत्सव को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके तहत बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे, रैलियां निकाली जाएंगी तथा गांवों एवं शहरी वार्डों में मुनादी कर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों और पालकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
विद्यालयों में तैयारियां पूरी करने के निर्देश
विभाग ने निर्देश दिए हैं कि स्कूल खुलने से पहले सभी विद्यालयों में साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत और परिसर को आकर्षक बनाने का कार्य पूरा कर लिया जाए। मरम्मत योग्य भवनों का कार्य 15 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों को भी पहले से तैयार रखने को कहा गया है।
नए प्रवेश और ड्रॉपआउट बच्चों पर विशेष फोकस
कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त करने तथा कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को कक्षा छठवीं में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया है।
शिक्षकों को तीन माह का शैक्षणिक रोडमैप तैयार करने के निर्देश
स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला एवं विकासखंड स्तर पर शिक्षकों के लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर विशेष शिविर भी आयोजित किए जा सकते हैं। इसके साथ ही शिक्षकों को आगामी तीन माह के अध्यापन कार्य का रोडमैप तैयार करने तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग ने पुनः स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी स्कूल 16 जून 2026 से ही खुलेंगे तथा सोशल मीडिया पर वायरल 1 जुलाई वाला आदेश पूरी तरह फर्जी है।




