सड़क निर्माण की मांग पर ग्रामीण आमरण अनशन पर बैठे, लीला मंडली चौक में शुरू हुआ धरना

पामगढ़, 29 जून। पामगढ़-डोंगाकोहरौद-भिलौनी मुख्य मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर ग्राम डोंगाकोहरौद (भिलौनी) एवं आसपास के ग्रामीण रविवार को अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार लीला मंडली चौक में आमरण अनशन एवं धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण आंदोलन की शुरुआत की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जर्जर हो चुकी सड़क के कारण क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं बरसात में मार्ग की स्थिति और भी खराब हो गई है। इसके बावजूद कई बार शिकायत और ज्ञापन सौंपने के बाद भी प्रशासन द्वारा सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।
आंदोलन में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता अथवा प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आमरण अनशन और धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं अहिंसात्मक तरीके से किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग दोहराते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर काम शुरू होते देखना चाहती है। आंदोलन स्थल पर ग्रामीण लगातार जुट रहे हैं और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद कर रहे हैं।




