सामुदायिक पुलिसिंग अभियान को मिली रफ्तार: जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्कूली विद्यार्थियों को किया जागरूक

जांजगीर-चांपा, 30 जुलाई। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किया गया। अभियान के दौरान स्कूली विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा नशामुक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत थाना पामगढ़, जांजगीर, मुलमुला, बिर्रा, सारागांव, नवागढ़, चांपा, बलौदा, शिवरीनारायण, बम्हनीडीह तथा यातायात पुलिस की टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ओटीपी, बैंक खाता एवं अन्य गोपनीय जानकारियां किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए सुरक्षित यातायात के महत्व को विस्तार से समझाया गया।
इसके अलावा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डालता है।
जांजगीर-चांपा पुलिस का यह सामुदायिक पुलिसिंग अभियान विद्यार्थियों और आम नागरिकों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने, अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षित, जिम्मेदार और जागरूक समाज के निर्माण के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा।




