कक्षा 12वीं में खुशबु देवांगन ने 96.40, कक्षा 10 वीं में नैतिक गौतम ने 98 एवं लोकेश राठौर ने 97.67 अंक के साथ टॉप-10 मेरिट की सूची में बनाई अपनी जगह

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम ई क्लिक के माध्यम से ऑनलाइन जारी किया है। जिसके तहत जिले में कक्षा 12वीं में खुशबु देवांगन 96.40 प्रतिशत अंक के साथ पूरे प्रदेश 10 वां स्थान एवं कक्षा 10वीं में नैतिक गौतम ने 98 प्रतिशत अंक के साथ पूरे प्रदेश 7 वां एवं लोकेश राठौर ने 97.67 प्रतिशत अंक के साथ पूरे प्रदेश 9 वां स्थान प्राप्त कर जिले को गौरन्वित किया। खुशबु देवांगन सरस्वती शिशु मंदीर हायर सेकेण्डरी स्कूल चांपा, नैतिक गौतम एवं लोकेश राठौर विवेकानंद हायर सेकेण्डरी स्कूल जांजगीर के छात्र-छात्राएं हैं।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने खुशबु देवांगन तथा नैतिक गौतम और लोकेश राठौर को उनकी उत्कृष्ट सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिन विद्यार्थियों को अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाया है, वे निराश या तनावग्रस्त न हों, बल्कि परिणाम को सहजता से स्वीकार करें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी कमियों का मूल्यांकन कर लगन और मेहनत के साथ पुनः प्रयास करने की प्रेरणा दी और विश्वास व्यक्त किया कि सतत प्रयास से सफलता अवश्य प्राप्त होगी।



