छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने विद्या भारती मध्य क्षेत्रीय व्हालीवॉल एवं खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

खेल हमें अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन की ओर ले जाते हैं – उप मुख्यमंत्री श्री साव

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

जांजगीर-चांपा :- उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने आज चांपा के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विद्या भारती मध्य क्षेत्रीय व्हालीवॉल एवं खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री साव एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा भारत माता एवं सरस्वती माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने सभी विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों से कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। अच्छे स्वास्थ्य के लिए खेलना बेहद ज़रूरी है, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। प्रतिदिन कम से कम एक घंटा मैदान में पसीना बहाना चाहिए, क्योंकि यही पसीना जीवन की ऊर्जा और उत्साह को बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि जो छात्र-छात्राएँ प्रतियोगिताओं में भाग लेने आते हैं, वे अपनी रुचि और लगन से खेल के क्षेत्र में पारंगत होते हैं। मन, समर्पण और संकल्प के साथ खेलने पर ही सफलता मिलती है। आज के आधुनिक भारत में हर खिलाड़ी का लक्ष्य होना चाहिए कि वह न केवल जीते, बल्कि अपने माता-पिता, समाज, राज्य और देश का नाम भी रोशन करे। खेल में हार का कोई अस्तित्व नहीं है या तो खिलाड़ी जीतता है या सीखता है। यह अनुभव जीवन भर काम आता है।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि डिप्रेशन, निराशा, अवसाद और दुख को अपनी डिक्शनरी से निकाल फेंकना चाहिए। निराश और परेशान व्यक्ति कभी आगे नहीं बढ़ सकता। जो आत्मविश्वास और ऊर्जा से भरा होगा वही समाज में और जीवन में प्रगति करेगा। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर और अधिक मजबूती से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देना है। राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएँ, प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम को श्री जुड़ावन सिंह ठाकुर, श्री विवेक सक्सेना, श्री चंद्रशेखर देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि खिलाड़ियों की सहभागिता और उनकी उपलब्धियाँ हम सबके लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने कहा कि जीतना और हारना दोनों ही हमें जीवन का महत्वपूर्ण पाठ सिखाते हैं। खेल जीवन का अहम हिस्सा है इससे हम अपना समुचित विकास कर सकते हैं।

इस दौरान इस अवसर पर जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र सांसद श्रीमती कमलेश जांगडे, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, श्री प्रदीप नामदेव नगर पालिका अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, श्री गुलाब सिंह चंदेल, श्री अमर सुल्तानिया, इंजीनियर रवि पांडे, श्री पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, श्री प्रशांत ठाकुर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यालय के प्राचार्य, अध्यापक एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!