छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपापामगढ़

पामगढ़ में विवाद ने लिया हिंसक रूप: लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग, एक युवक घायल

पामगढ़ :-  नंदेली ग्राम पंचायत अंतर्गत व्यासनगर गांव में सोमवार सुबह एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक झड़प का रूप ले लिया। सुबह करीब 10 बजे हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र साहू मोहल्ले में गाली-गलौच कर रहा था, जिसे गुलशन श्रीवास ने रोकने की कोशिश की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद शैलेन्द्र साहू 12 से 13 लोगों के साथ गुलशन श्रीवास के घर पहुंचा और हमला कर दिया।

हमलावरों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया और जमकर पत्थरबाजी की। हालात बिगड़ते देख गुलशन श्रीवास ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पहले हवाई फायर कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। लेकिन जब स्थिति काबू में नहीं आई, तो उसने सीधे फायर कर दिया।

इस दौरान पंकज कश्यप के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग आत्मरक्षा में की गई थी या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही हुई है। वहीं, फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!