छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

ब्लैक स्पॉट वाले चिन्हांकित स्थानों में आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के दिए निर्देश

राहवीर एवं राहत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा 25 मई 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। उन्होंने जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने और जागरूक करने के लिए किए जा रहे कार्यों और गतिविधियों की समीक्षा की।

कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा मानकों का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग और तेज गति जैसे मामलों में विशेष अभियान चलाने कहा। उन्होंने जिले में चिन्हांकित डार्क स्पॉट और ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। साथ ही इन स्थानों पर संकेतक, लाइटिंग, स्पीड ब्रेकर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पूर्व में दुर्घटनाएं हो चुकी हैं या जहां दुर्घटनाओं की संभावनाएं अधिक हैं, वहां विशेष सतर्कता बरतते हुए मरम्मत और सुधार कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करें।

बैठक में कलेक्टर श्री महोबे ने ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किए गए ऐसे स्थलों पर जहां सड़क दुर्घटनाओं में अधिक मृत्यु या गंभीर रूप से घायल होने अथवा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने के लिए पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने आरटीओ को निर्देशित किया कि वाहनो की जांच सतत रूप से करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को गोल्डन ऑवर पर एम्बूलेंस एवं स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने राहवीर योजना एवं प्रधानमंत्री राहत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार करने कहा। राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर मदद करने वाले नागरिक को प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उदयन बेहार, अपर कलेक्टर श्री आर के तंबोली, जिला परिवहन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!