छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

सुशासन तिहार: जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से किया जा रहा नागरिकों समस्याओं का त्वरित निराकरण

खरौद एवं खैजा में हुआ जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन, कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल

विभागीय स्टॉलों के माध्यम से दी गई योजनाओं की जानकारी, विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को वितरित किए गए चेक, प्रमाण पत्र एवं सामग्री

जांजगीर-चांपा 26 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जनसमस्याओं के निराकरण और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नगर पंचायत खरौद के नगर पंचातय सभाकक्ष एवं विकासखंड बलौदा के ग्राम पंचायत खैजा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खैजा में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और विभिन्न विभागों के माध्यम से अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों से आवेदन भी प्राप्त कर मौके पर निराकरण किया गया। शिविर में आबादी भूमि का अधिकार पत्र, बी-वन खसरा, वोटर आईडी, किसान किताब, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत हितग्राहियों को चेक व प्रमाण पत्र, नवीन राशनकार्ड, आइस बॉक्स एवं जाल, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया गया। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को पीएम आवास की चाबी सौंपी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसके साथ ही सुशासन तिहार के अवसर पर अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, सिकल सेल, हीमोग्लोबिन जांच एवं ईसीजी जांच की सुविधा प्रदान की गई। ग्राम पंचायत खैजा में आयोजित शिविर में मांग तथा शिकायत से संबंधित कुल 1686 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण के लिए प्रेषित किया गया।

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा कि शिविर में प्रत्येक व्यक्ति की मांग व समस्याओं का निराकरण समय-सीमा और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित हो यही सुशासन तिहार का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आवेदनों की ऑनलाईन आपलोड किया जा रहा है एवं समस्याओं के निराकरण की जानकारी संबंधित हितग्राहियों को दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने धरती आबा के हितग्राहियों को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक आवेदन करने एवं योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान खाद-बीज वितरण, नैनो यूरिया के उपयोग तथा ई-केवाईसी की अनिवार्यता के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष बलौदा श्रीमती शारदा देवांगन, श्री शिशुपाल राजपूत, श्री चुड़ामणी राठौर, श्री रमाकांत साहू, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!