योग हमारी विरासत, स्वस्थ जीवन का आधार : प्रभारी मंत्री श्री ओ पी चौधरी

बीमारी आने के बाद नहीं, पहले से ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता : श्री चौधरी
वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री के मुख्य आतिथ्य मेंजनप्रतिनिधियों,अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह को 25 हजार रुपये की स्वेच्छानुदान सहायता
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण, जिले को मिली तीन नई एंबुलेंस की सौगात
जांजगीर-चांपा, 21 जून 2026। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय स्थित भीमा तालाब, जाज्वल्य देव द्वार के पास सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ पी चौधरी शामिल हुए।इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े ,पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले,पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष जांजगीर-नैला श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत सदस्य श्री राजकुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राठौर, श्री अमर सुलतानिया, इंजी रवि पांडेय, श्री पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, विभिन्न खेल संघों, लायंस क्लब, पतंजलि योग समिति, सामाजिक संगठनों के सदस्य, विद्यार्थी, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों तथा स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ पी चौधरी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों के कारण आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और पूरी दुनिया योग दिवस मना रही है। यह “विकास भी, विरासत भी” की सोच का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसमें भारत की प्राचीन परंपरा और ज्ञान को विश्व मंच पर प्रतिष्ठा प्राप्त हुई है।
प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग तथा अन्य गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।असंतुलित जीवनशैली धीरे-धीरे गंभीर बीमारियों का कारण बनती है।
उन्होंने कहा कि शरीर के विभिन्न अंग लंबे समय तक हमें स्वस्थ बनाए रखने का प्रयास करते हैं, लेकिन एक सीमा के बाद समस्याएं सामने आने लगती हैं। इसलिए बड़ी बीमारियों के आने की प्रतीक्षा करने के बजाय पहले से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है। योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं संतुलित जीवनशैली को अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन प्रदान करने का भी सशक्त साधन है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने सभी के स्वस्थ, निरोग एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए “जय भारत, जय छत्तीसगढ़, जय योग” का संदेश दिया।
योग दिवस के अवसर पर पामगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कुटराबोड़ के मलखंभ खिलाड़ी डिंपी सिंह ने अपने उत्कृष्ट करतबों का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए प्रभारी मंत्री श्री चौधरी ने स्वेच्छानुदान मद से 25 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की तथा भविष्य में भी उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भीमा तालाब परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
योग दिवस पर जिले को मिली तीन नई एंबुलेंस की सौगात
विश्व योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओपी चौधरी ने जिलेवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण सौगात देते हुए तीन नई एंबुलेंस का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने नवागढ़, पामगढ़ एवं अकलतरा विकासखंड के लिए उपलब्ध कराई गई नई एंबुलेंसों को रवाना किया। इन एंबुलेंसों के संचालन से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ एवं सुदृढ़ होंगी।



