छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपापामगढ़

विश्व योग दिवस पर पामगढ़ में उमड़ा जनसैलाब: जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

पामगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पामगढ़ विकासखंड में विकासखंड स्तरीय भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे देश के साथ पामगढ़ में भी योग के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

कार्यक्रम में नगर पंचायत पामगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती गौरी छोटू जांगड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मानस जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। निर्धारित योग प्रोटोकॉल के तहत योग शिक्षक मोहन कौशिक ने अपने सहयोगियों दिनेश रात्रे एवं बसंत टंडन के साथ उपस्थितजनों को विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का अभ्यास कराया।

योग सत्र का शुभारंभ ओम् के उच्चारण और प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात सूक्ष्म व्यायाम के अंतर्गत ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, कटि संचालन एवं घुटना संचालन कराया गया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन और त्रिकोणासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इसके बाद बैठकर तथा पेट एवं पीठ के बल किए जाने वाले योगाभ्यास, प्राणायाम, ध्यान और अंत में शवासन कराया गया।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आर.के. तंबोली ने उपस्थित सभी लोगों को नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। शांति पाठ के साथ योगाभ्यास सत्र का समापन किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अजय साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मानस जांगड़े, अनुविभागीय अधिकारी आर.के. तंबोली एवं नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गौरी जांगड़े ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं योग शिक्षक मोहन कौशिक तथा व्याख्याता अशोक ठाकुर के सेवानिवृत्त होने पर अतिथियों द्वारा उन्हें श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके शिक्षा एवं समाज सेवा के योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी मणिशंकर कौशिक ने आभार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर लव तिवारी, दिनेश थवाईत, देवेंद्र यादव (पत्रकार), सुभाष ओग्रे, कृष्णा, नायब तहसीलदार विश्वकर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामेंद्र जोशी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ब्रजमोहन सिंह परस्ते, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी राकेश सोनी, गजेंद्र चौहान, विजय साहू सहित एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता का प्रेरक संदेश बनकर उभरा तथा उपस्थित लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित कर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!