छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

अमृत सरोवरों में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, योग के साथ जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास योजनाओं का दिया गया संदेश

जांजगीर-चांपा, 21 जून 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में जिले के सभी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत विकसित अमृत सरोवरों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ मनाया गया। कार्यक्रमों में मनरेगा श्रमिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, ग्रामीणजनों, युवाओं, स्कूली बच्चों तथा शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों ने अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रमों के माध्यम से नियमित योगाभ्यास से तनावमुक्त एवं निरोग जीवन जीने का संदेश दिया गया।

अमृत सरोवरों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के महत्व पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों को अमृत सरोवरों के संरक्षण एवं रखरखाव में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। सरोवरों को केवल जल संरचना ही नहीं बल्कि सामुदायिक सहभागिता और सतत विकास का केंद्र बनाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर ग्रामीणों को वीबी जी राम जी योजना सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता एवं शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया। साथ ही महात्मा गांधी नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन तथा अन्य ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रमों में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग, स्वास्थ्य, जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!