छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर ने सिवनी स्थित कोसा कारखाना एवं ककून बैंक का किया निरीक्षण

महिलाओं को विभागीय योजनाओं से जोड़ने,कोसा धागाकरण एवं हथकरघा बुनाई प्रशिक्षण को वृहद स्तर पर संचालित करने के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा 9 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने सिवनी स्थित कोसा कारखाना एवं ककून बैंक का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिले में कोसा धागाकरण एवं हथकरघा बुनाई को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को विभागीय योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री महोबे ने अधिकारियों से कहा कि ग्राम सिवनी स्थित कोसा कारखाना को प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करते हुए बड़े पैमाने पर महिलाओं और युवाओं को कोसा धागाकरण एवं हथकरघा बुनाई का प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने विभागीय योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने पर फोकस करने कहा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कोसा कारखाना परिसर में संचालित जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने जनपद पंचायत, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षण एवं उत्पादन गतिविधियों का विस्तार शीघ्र किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान रेशम विभाग के श्री मधुप कुमार चंदन, हथकरघा विभाग के सहायक संचालक श्री सौरभ सिंह ठाकुर, हैंडलूम कॉलेज के श्री बिहारी लाल पटेल, एनसीएचएचडी के श्री रंगारी, जनपद पंचायत बलौदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित नायक तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अनुभागीय अधिकारी श्री सूर्यवंशी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!