छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक आयोजित

कैम्पा मद से वृक्षारोपण कार्यों का होगा भौतिक सत्यापन, वन विभाग से मांगी विस्तृत रिपोर्ट

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुधारने और ट्रांसफार्मर समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 24 घंटे सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

अधिकारियों की अनुपस्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की

    जांजगीर-चांपा, 29 जुलाई 2026। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पूर्व सामान्य सभा की बैठक में पारित प्रस्तावों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई।

बैठक में वन विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि जिले में पिछले दो वर्षों के दौरान पेड़ों की कटाई, कटाई के कारण, नीलामी एवं विक्रय की स्थिति का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने लगाए गए वृक्षों का ग्राम पंचायतवार विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही वृक्षारोपण कार्यों का वन विभाग के माध्यम से समस्त मद जैसे कैम्पा कार्याें में 2 साल में किये गये वृक्षारोपण कार्याें की जिला पंचायत सदस्य एवं अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से भौतिक सत्यापन समिति बनाकर किया जाएगा। बैठक में सहकारिता विभाग को निर्देशित किया कि समितिवार धान उठाव की अद्यतन जानकारी संबंधित वाहन संख्या सहित उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवहन एवं उठाव की प्रभावी निगरानी की जा सके। एक ही ग्राम पंचायत में पाँच वर्ष से अधिक समय से कार्यरत पंचायत सचिवों की सूची तैयार कर चरणबद्ध तरीके से आपसी समन्वय के आधार पर स्थानांतरण करने के निर्देश दिए। एक ग्राम पंचायत में कार्यरत 15 वर्ष से अधिक सचिवों का प्रथम चरण में स्थानांतरण किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऐसे सचिवों के स्थानांतरण की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, सभी स्कूलों में समय-समय पर पालक-शिक्षक बैठक आयोजित करने तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही निजी विद्यालयों में शिक्षा का अधिकार के तहत प्रवेश प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की विद्यालयवार सूची सदन के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों का उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के उद्योगों पर बकाया जल कर की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विकसित भारत जी राम जी योजना में स्वीकृत समस्त कार्ययोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक में वर्ष 2015 से 2022 तक धान उपार्जन केंद्रों में पंजीकृत किसानों की सूची एवं केंद्रवार जानकारी उपलब्ध कराई गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान आदर्श कोसा बुनकर सहकारी समिति मर्यादित, सिवनी को विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदान की गई वित्तीय सहायता की समीक्षा की गई। बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में संस्थागत प्रसव एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। जिला पंचायत विकास निधि के अनुमेय कार्यों एवं 16वे वित्त के कार्यों का भी अनुमोदन किया गया।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन कुमार जयपुरिया, जिला पंचायत समिति के सभापति एवं सदस्य श्रीमती प्रियंका सिंह क्षत्री, श्री राजकुमार साहू, श्रीमती ज्योति कश्यप, श्रीमती नेहा साहू, श्रीमती संतोषी सिंह रात्रे, श्रीमती प्रीति दिव्य, श्रीमती प्रमिला साहू, श्री महादेव नेताम, श्रीमती उर्मिला यादव, श्रीमती बबीता रात्रे, श्रीमती उमा राजेन्द्र राठौर, श्रीमती मोहन कुमारी साहू, सुश्री आशा साव, सांसद प्रतिनिधि श्री अशोक कुमार धिरही, जांजगीर विधायक प्रतिनिधि श्री दिनेश शर्मा, विधायक अकलतरा प्रतिनिधि श्री संदीप यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!