छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक

नक्शा बटांकन के प्रकरणों में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, तेजी लाने के निर्देश

 

डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्रेशन, बकेट क्लेम सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की

लोक सेवा गारंटी, नामांतरण-बंटवारा, ई-कोर्ट, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं त्रुटि सुधार के प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा, 24 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों एवं प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं का लाभ समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने नक्शा बटांकन के प्रकरणों की तहसीलवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नक्शा बटांकन के प्रकरणों में अपेक्षित गति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नक्शा बटांकन से संबंधित प्रकरणों का समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्रेशन एवं बकेट क्लेम की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मैदानी स्तर पर कार्य की नियमित निगरानी करने तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना की प्रगति एवं स्वामित्व कार्ड वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित एवं विवादित नामांतरण तथा बंटवारा प्रकरणों की तहसीलवार स्थिति की जानकारी ली और लंबित प्रकरणों के निराकरण में आवश्यक तेजी लाने को कहा। कलेक्टर ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, ई-कोर्ट एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित शिकायतों एवं प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार से संबंधित प्रकरणों में भी आवश्यक प्रगति लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री महोबे ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लंबित राजस्व प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से संबंधित सेवाएं सीधे आम नागरिकों से जुड़ी हुई हैं। शासन की योजनाओं एवं राजस्व सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सुगमता और समय पर पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर. के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर, जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!