छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने की पंचायत एवं ग्रामीण विकास की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की धीमी प्रगति पर कलेक्टर नाराज, धीमी प्रगति वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को जारी करें नोटिस

अधूरे आवासों और लंबित निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करें, ग्राम पंचायतवार नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

विकसित भारत जी राम जी योजना के क्रियान्वयन में लाएं तेजी, दिसंबर के मानव दिवस लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 18 नवम्बर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट के संकल्प सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग बैठक ली तथा विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने विकसित भारत जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान, स्वच्छ भारत मिशन सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, एसीईओ श्री नीतेश वर्मा, प्रभारी उप संचालक पंचायत श्री बरन सिंह मंडावी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पीएम आवास निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ, पीएम आवास ब्लॉक कोऑर्डिनेटर एवं तकनीकी सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना अंतर्गत स्वीकृत आवासों की ग्राम पंचायतवार प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के पात्र परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसलिए योजना के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनपद पंचायतवार एवं ग्राम पंचायतवार आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करने, निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिन स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उनकी ग्राम पंचायतवार विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किसानों का चिन्हांकन कर आजीविका डबरी निर्माण के लिए विशेष अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक डबरी निर्माण कार्य स्वीकृत कर प्रारंभ कराने और आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने दिसंबर माह के लिए निर्धारित मानव दिवस के लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही भूजल स्तर में सुधार के लिए बोर रिचार्ज, आंगनबाड़ी भवन एवं पीडीएस भवन निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता से कराने को कहा। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को समय-सीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत बालिका शौचालयों के निर्माण की ग्रामवार समीक्षा करते हुए सभी लंबित निर्माण कार्यों को आगामी एक माह के भीतर तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायतों में मुक्तिधाम निर्माण के कार्य शीघ्र प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा। बैठक में विकसित ग्राम पंचायत प्लान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आगामी पांच वर्षों में ग्राम पंचायतों के समग्र एवं सुनियोजित विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला एवं विकासखंड स्तर पर निर्धारित वित्तीय सीमा के अंतर्गत आवश्यक प्रशिक्षण शीघ्र आयोजित करने को कहा। सभी ग्राम रोजगार सहायकों की ई-केवाईसी इसी सप्ताह शत-प्रतिशत पूर्ण कराने को कहा। उन्होंने जलदूत ऐप में सभी आवश्यक प्रविष्टियां पूर्ण करने तथा जिले के सभी कुओं का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने जिले की ग्राम पंचायतों में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाने के लिए नियमित कचरा संग्रहण तथा कचरे के उचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गीला कचरा, सूखा कचरा, घरेलू हानिकारक कचरा एवं सैनिटरी कचरे को अलग-अलग संग्रहित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा ग्रामीणों को कचरे के पृथक्करण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने, महिलाओं को आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने तथा समूहों के माध्यम से संचालित आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूहों को नियमित मार्गदर्शन एवं योजनाओं का लाभ दिलाते हुए महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण, समग्र विकास की समीक्षा की गई। इसके अलावा कलेक्टर ने राशन कार्ड से संबंधित हितग्राहियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। विकसित भारत जी राम जी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा।

विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण-सह-समीक्षा कार्यशाला आयोजित

विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत कार्यक्रम अधिकारियों, सहायक कार्यक्रम अधिकारियों, तकनीकी सहायकों एवं लेखापालों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें योजना की प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी चार माह के लिए प्राथमिकता वाले कार्यों एवं लक्ष्यों की पूर्ति की रणनीति पर चर्चा की गई। जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम ने आयोजित कार्यशाला में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में आगामी चार माह के प्राथमिकता वाले कार्यों, एनएमएमएस 2.0 एवं एमआईएस, लेखा-पेंडिंग लायबिलिटी, जीएसटी, एफटीओ जनरेशन, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) की ऑनलाइन प्रविष्टि, कार्यों की गुणवत्ता एवं अभिसरण, भू-ग्राम, सिक्योर एवं ई-एमबी जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान संबंधित विषय विशेषज्ञों एवं अधिकारियों द्वारा पीपीटी एवं व्यावहारिक जानकारी के माध्यम से तकनीकी प्रक्रियाओं, ऑनलाइन प्रविष्टियों तथा कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आजीविका डबरी, नवा तरिया, सुघर बाड़ी एवं धार अपार जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। कार्यशाला में सहायक प्रचार-प्रसार अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, सहायक कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, लेखापाल एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!