
जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन, दोषी फैक्ट्री संचालकों पर कठोर कार्रवाई की मांग
बिलासपुर, 31 दिसंबर 2025। शिवसेना जिला बिलासपुर द्वारा माननीय जिलाधीश महोदय, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान शिवसेना की संयुक्त टीम ने सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर अनदेखी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
ज्ञापन में बताया गया कि सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र की अधिकांश फैक्ट्रियों में शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। जिम्मेदार अधिकारी व्यक्तिगत लाभ के कारण कार्रवाई से बचते हैं, जिसके परिणामस्वरूप आए दिन श्रमिकों के साथ दुर्घटनाएं और मौतें हो रही हैं।
शिवसेना ने विशेष रूप से दिनांक 24/12/2025 को मित्तल फर्नीचर, सिरगिट्टी में हुई भीषण आग की घटना का उल्लेख किया, जिसमें दो श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। शिवसेना का आरोप है कि यह हादसा फैक्ट्री संचालक की घोर लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था के पूर्ण अभाव के कारण हुआ।
शिवसेना की प्रमुख मांगें :
- मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री के संचालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए।
- मृतक श्रमिकों के परिजनों को ₹50 लाख तक मुआवजा प्रदान किया जाए।
- सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र की सभी फैक्ट्रियों की व्यापक जांच कराई जाए।
- जहां सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाए, वहां फैक्ट्री लाइसेंस रद्द कर फैक्ट्री सील की जाए।
- भविष्य में श्रमिकों की जान से खिलवाड़ रोकने के लिए कठोर और उदाहरणात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शिवसेना ने कहा कि कुछ पैसे बचाने के लिए फैक्ट्री संचालक श्रमिकों की जान को जोखिम में डाल रहे हैं, जिसका खामियाजा मजदूरों और उनके परिवारों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है। मित्तल फर्नीचर की घटना ने इस अमानवीय लापरवाही को उजागर कर दिया है।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से उपस्थित संतोष कौशल (प्रदेश सचिव), मुकेश देवांगन (जिला प्रमुख), नवीन यादव (पूर्व जिला प्रमुख), श्रीमती रेवती यादव (महिला सेना जिला प्रमुख), ममता गुप्ता, संध्या गुलाबनी, कमलेश गुप्ता (नगर उप प्रमुख), यशवंत साहू (पूर्व युवा सेना जिला प्रमुख), नीलमणि कौशिक (जिला उप प्रमुख), अनिल कौशिक, परदेसी साहू, आदित्य कछवाहा, द्वारिका वस्त्रकार, शुभम गुप्ता, शेरू खान, विकास, मयंक, मानस शर्मा सहित अनेक शिवसैनिक उपस्थित रहे।




