छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

किसान देवीराम की मेहनत को मिला आत्मविश्वास, धान बेचना हुआ सरल और सुगम

पेंड्री केंद्र में 190 क्विंटल धान बेचकर किसान के चेहरे की चमक हुई दुगुनी

जांजगीर-चांपा 2 जनवरी 2026। जिले के ग्राम नवापारा के निवासी श्री देवीराम कश्यप आज उन किसानों में शामिल हैं, जिनकी आँखों में मेहनत का सुकून और चेहरे पर सफलता की चमक साफ दिखाई देती है। इस वर्ष उन्होंने धान खरीदी केंद्र पेंड्री में 190 क्विंटल धान लेकर पहुँचकर अपनी कड़ी मेहनत को एक नई पहचान दी।

श्री देवीराम कश्यप बताते हैं कि खेती-किसानी उनके आय का प्रमुख साधन है। मौसम की मार, लागत का दबाव और बाजार की अनिश्चितता इन सबके बीच उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। समय पर खेत की तैयारी, उन्नत बीजों का चयन, मेहनत और धैर्य इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि आज उनकी फसल ने उन्हें सम्मानजनक आय और आत्मविश्वास दिया है। धान विक्रय के बाद उनके चेहरे पर दिखी खुशी, मेहनत का सच्चा फल है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा और सहूलियत को प्राथमिकता देते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। खरीदी केंद्रों पर नमी परीक्षण, तौल, छाया, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था ने किसानों का भरोसा और बढ़ाया है। धान विक्रय के लिए ऑफलाइन टोकन की सुविधा के साथ-साथ 24×7 “तुंहर टोकन” मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था किसानों के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध हो रही है। इससे न तो भीड़ लगती है, न ही लंबी कतारें, किसान तय समय पर पहुँचकर सहजता से धान बेच पा रहे हैं। श्री देवीराम कश्यप ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि अब धान बेचना पहले से कहीं अधिक सरल, पारदर्शी और सम्मानजनक हो गया है। इसके साथ ही 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही धान खरीदी ने किसानों में नया उत्साह भर दिया है। उचित समर्थन मूल्य, पारदर्शी प्रक्रिया और समय पर भुगतान इन सबने खेती को फिर से लाभकारी बनाया है। श्री देवीराम कश्यप की यह कहानी सिर्फ एक किसान की सफलता नहीं, बल्कि यह उस किसान-हितैषी व्यवस्था की जीवंत मिसाल है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!