
सक्ती (छत्तीसगढ़)। सक्ती जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 घायल विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं। प्रारंभिक जांच में प्लांट प्रबंधन की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वेदांता ग्रुप के चेयरमैन Anil Agarwal, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल सहित कुल 19 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106, 289 और 3-5 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
हादसे में मृतकों में 5 छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि 15 अन्य राज्यों से थे। घायलों का इलाज रायगढ़ और रायपुर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। वहीं प्रधानमंत्री राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिवारों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
वेदांता प्रबंधन ने भी मुआवजे की घोषणा करते हुए मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये और एक सदस्य को नौकरी देने का ऐलान किया है, जबकि घायलों को 15-15 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं जांच रिपोर्ट के बाद आगे और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।



