
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की कक्षा 12वीं हिन्दी परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना सिटी कोतवाली, मध्य जोन, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर से जुड़ा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 17 मार्च 2026 को कक्षा 12वीं हिन्दी परीक्षा का हस्तलिखित प्रश्नपत्र व्हाट्सएप पर वायरल होने की सूचना मिली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 की धारा 4, 5, 10 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 और 316 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी वेणु कुमार जंघेल ने एक छात्र को व्हाट्सएप के माध्यम से हिन्दी प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था और इसके बदले ऑनलाइन 3 हजार रुपये लिए थे। बैंक खाते की जांच में लेनदेन की पुष्टि भी हुई।
वेणु जंघेल से पूछताछ के बाद पुलिस ने बेमेतरा जिले के ग्राम बोरतरा निवासी विकास सेन और हायर सेकेंडरी स्कूल बोरतरा में पदस्थ पीटीआई जवाहर लाल कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में खुलासा हुआ कि हस्तलिखित प्रश्नपत्र जवाहर लाल कुर्रे ने ही वेणु जंघेल और विकास सेन को उपलब्ध कराया था।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि प्रश्नपत्र सबसे पहले जवाहर लाल कुर्रे तक कैसे पहुंचा। मामले में जुड़े अन्य लोगों और पूरे पेपर लीक नेटवर्क की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- वेणु कुमार जंघेल (19 वर्ष), ग्राम बोरतरा, जिला बेमेतरा, वर्तमान निवास गोकुल नगर रायपुर
- जवाहर लाल कुर्रे (40 वर्ष), ग्राम बीजा, ब्लॉक साजा, जिला बेमेतरा
- विकास सेन (22 वर्ष), ग्राम बोरतरा, ब्लॉक साजा, जिला बेमेतरा




