
रायपुर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को नई दिशा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों का 10 दिवसीय मेगा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 जून से अभनपुर स्थित मंगल भवन में प्रारंभ होगा, जिसमें प्रदेशभर के जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग लेंगे।
प्रशिक्षण शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी स्वयं इसमें शामिल होकर संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। साथ ही वे जिला कांग्रेस अध्यक्षों से सीधे संवाद कर उनके जिलों की राजनीतिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे।
इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रभारी संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) सहित सभी जिला अध्यक्षों को पत्र जारी कर आवश्यक जानकारी प्रदान की है।
सूत्रों के अनुसार प्रशिक्षण सत्र के बाद जिला कांग्रेस कमेटियों को संगठनात्मक स्तर पर अधिक अधिकार दिए जा सकते हैं, जिससे वे स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने में अधिक सक्षम होंगे। साथ ही जिला अध्यक्षों का सीधा संवाद और समन्वय एआईसीसी के साथ स्थापित किया जाएगा। इससे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की रणनीति पर कार्य किया जाएगा।
एआईसीसी ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को निर्देशित किया है कि प्रशिक्षण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एआईसीसी के महासचिवों सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष की उपस्थिति पहले दो दिन और अंतिम दो दिन अनिवार्य रहेगी।
राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा महासचिव प्रियंका गांधी भी प्रशिक्षण शिविर में शामिल हो सकती हैं। हालांकि उनके कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कांग्रेस संगठन के लिए यह प्रशिक्षण शिविर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, जिला इकाइयों को अधिक जिम्मेदारी देने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण रणनीति तय की जाएगी।




