छत्तीसगढ़पामगढ़

RAMP योजना के अंतर्गत 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल संचालन, 30 प्रतिभागियों ने लिया लाभ

पामगढ़,15 जून 2026। ग्राम पंचायत चंडीपारा, जनपद पंचायत पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा में 08 जून 2026 से 19 जून 2026 तक आयोजित 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जांजगीर-चांपा तथा भावसर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया है।

RAMP योजना भारत सरकार एवं विश्व बैंक की संयुक्त पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता तथा बाजार तक पहुंच को सुदृढ़ करना है। साथ ही उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाकर उनके व्यवसाय को गति प्रदान करना भी इस योजना का प्रमुख लक्ष्य है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक यूनिशा एवं आमना बेगम द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है। इनमें RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास और MSME क्षेत्र में उपलब्ध अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन एवं बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी शामिल है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्टार्टअप स्थापना, सरकारी योजनाओं से जुड़ाव, स्थानीय व्यावसायिक अवसरों की पहचान, उद्यमिता की अवधारणा, ऋण प्रबंधन, जोखिम प्रबंधन, व्यवसाय योजना निर्माण, बाजार व्यवस्था एवं टिकाऊ व्यवसाय के विकास जैसे विषयों पर व्यावहारिक एवं विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों को व्यवसाय संचालन की चुनौतियों एवं उनके समाधान के संबंध में भी जानकारी दी गई, जिससे वे भविष्य में अपने उद्यम को सफलतापूर्वक स्थापित एवं संचालित कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय प्रबंधन, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यवसायिक योजना निर्माण, बाजार सर्वेक्षण, बाजार लिंकेज एवं टिकाऊ व्यवसाय मॉडल से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। प्रशिक्षकों द्वारा सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं, महिलाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!