छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जहां हुआ था चक्का जाम, बीते कुछ दिन पहले उसी गांव डोंगाकोहरौद पहुंचे SP जांजगीर चांपा, बना सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल

60 महिलाओं की ‘महिला कमांडो टीम’ गठित कर दिया नशामुक्ति का संदेश

गांव में महिला कमांडो टीम’ बनाकर नशे के खिलाफ छेड़ी मुहिम युवाओं को नशे से बचाने का लिया संकल्प

जांजगीर चांपा। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम डोंगाकोहरौद पहुंचे। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व इसी गांव में ग्रामीणों द्वारा अपनी मांगों को लेकर चक्का जाम किया गया था। ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए पुलिस अधीक्षक ने सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जनसहभागिता का संदेश दिया और गांव को पूर्णतः नशामुक्त गांव बनाने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

60 सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं का चयन कर “महिला कमांडो टीम” का गठन किया कार्यक्रम के दौरान गांव की 60 सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं का चयन कर “महिला कमांडो टीम” का गठन किया गया। यह टीम गांव में नशामुक्ति अभियान, सामाजिक जागरूकता, महिला सुरक्षा तथा अपराधों की रोकथाम में पुलिस की सहयोगी के रूप में कार्य करेगी। महिलाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ गांव को नशामुक्त बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता को मजबूत करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ग्राम डोंगाकोहरौद की यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

उपरोक्त कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिकगण सहित थाना प्रभारी पामगढ़ सावन कुमार सारथी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!