छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना: बिटिया@work अभियान अंतर्गत बालिकाओं को कराया गया शासकीय कार्यालयों का भ्रमण

 

 

जांजगीर-चांपा 10 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन ’’बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना’’ अंतर्गत बिटिया@work अभियान का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला (गट्टानी) एवं स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की कक्षा 11वीं एवं 12वीं की 40 बालिकाओं को शासकीय कार्यालयों का एक्सपोजर विजिट (भ्रमण) कराया गया। इस शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास का संचार करना, उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा शासकीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था और जनसेवा की प्रक्रियाओं से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था।

भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी द्वारा कलेक्टोरेट कार्यालय में किए जाने वाले कार्य एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यालय के समस्त शाखाओं का प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी अवलोकन कराया गया। जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री युलैंडन यार्क द्वारा पुलिस विभाग की जानकारी देते हुए बच्चों को आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया गया, बच्चों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंतर्गत सभी शाखाओें का भ्रमण कराते हुए कानून-व्यवस्था के संचालन के संबंध में जानकारी से अवगत कराया गया। बालिकाओं को महिला थाना एवं परिवार परामर्श केन्द्र जांजगीर का भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्हें बालिकाओं एवं महिलाओं के कानूनी अधिकारों, सुरक्षा तंत्र और परामर्श प्रक्रियाओं के बारे में जागरूक किया गया।

सखी वन स्टॉप सेंटर, नवाबिहान के भ्रमण के दौरान हिंसा से पीड़ित, प्रताड़ित एवं संकटग्रस्त महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही छत के नीचे एकीकृत रूप से प्रदान की जाने वाली सुविधाओं एवं सहायताओं (आपातकालीन अस्थाई आश्रय, मनोवैज्ञानिक परामर्श, पुलिस सहायता, विधिक सहायता चिकित्सकीय सहायता एवं आपातकालीन रेस्क्यू), 181 महिला हेल्पलाईन की विस्तृत जानकारी दी गई। किशोर न्याय बोर्ड न्यायालय के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ आनंद सोनी द्वारा 18 वर्ष से कम के कानून के दायरे में आने वाले बच्चों हेतु सुनवाई की विधि सम्मत कार्यवाही व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बाल कल्याण समिति अंतर्गत 0 से 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के संरक्षण एवं देखरेख की विस्तृत जानकारी दिया गया। जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह जायसवाल द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई अंतर्गत मिशन वात्सल्य योजना के तहत् संकटग्रस्त बच्चों को दी जाने वाली सहायता एवं बाल संरक्षण तंत्र की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय के भ्रमण के दौरान विभागीय जानकारी प्रदान करते हुए वर्तमान में घटित होने वाले अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित रहने हेतु जागरूक किया गया एवं बालिकाओ को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वर्णिम भविष्य हेतु बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं के नारे के साथ उत्साह वर्धन किया गया। बालिकाओं को शासकीय तंत्र में कार्यरत अधिकारियों/कर्मचारियों के कर्तव्यों एवं अनुशासन संबंधी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने छात्राओं से संवाद कर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए तथा उन्हें उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रशासनिक व सामाजिक क्षेत्रों में नेतृत्व करने हेतु प्रेरित किया।

इस दौरान बिटिया@work अभियान की नोडल एवं केन्द्र प्रशासक सखी वन स्टॉप सेंटर जांजगीर सुश्री एच. निशा खान, संरक्षण अधिकारी, एन.आई.सी जिला बाल संरक्षण इकाई श्रीमती पूजा तिवारी, जिला मिशन समन्वयक महिला सशक्तिकरण केन्द्र श्रीमती श्वेता चतुर्वेदी, जेण्डर विशेषज्ञ महिला सशक्तिकरण केन्द्र श्रीमती ज्योति शर्मा, पैरामेडिकल कार्मिक सुश्री रजनी चंद्रा, पैरालिगल कार्मिक श्रीमती अंजली बंदे, शिक्षकगण श्री गजेन्द्र श्रीवास, सुश्री उमा उसेंडी, श्रीमती एम.जी. बरवा, श्री आर. के. ताम्रकार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!