छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन सेवन पर जनजागरूकता एवं बाल संदर्भ शिविर आयोजित

जांजगीर-चांपा, 11 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन सेवन पर जनजागरूकता एवं बाल संदर्भ शिविरों का आयोजन किया गया। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि शिविरों के माध्यम से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य परीक्षण एवं पोषण संवर्धन गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य समुदाय में कुपोषण को समाप्त करना तथा बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं को बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन सेवन विषय पर जिला एवं ब्लॉक स्तरीय वेबिनार एवं बैठक आयोजित किए गए। साथ ही, पोषण संवर्धन के लिए स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध फलदार एवं औषधीय पौधों जैसे मुनगा, सहजन, पपीता, केला, नींबू, अमरूद एवं आंवला आदि का रोपण किया गया। कुपोषण से बचाव के संबंध में सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री का व्यापक स्तर पर संप्रेषण एवं प्रचार-प्रसार भी किया गया। बाल संदर्भ शिविरों के अंतर्गत कुपोषित एवं मध्यम कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर उनका वजन एवं ऊंचाई मापी गई तथा स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकीय जटिलता से ग्रसित गंभीर कुपोषित बच्चों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों में संदर्भित किया गया। बच्चों के समुचित पोषण एवं देखभाल के संबंध में पालकों के लिए जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए योजना के तहत पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन किया जा रहा है तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!