छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपाजैजैपुर

जांजगीर-चांपा में बड़ा एक्शन: जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू गिरफ्तार, KCC लोन घोटाले में 42.78 लाख की धोखाधड़ी, जेल भेजे गए

जांजगीर-चांपा, 9 जनवरी 26। जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बालेश्वर साहू को पुलिस ने 42 लाख 78 हजार रुपये की धोखाधड़ी के गंभीर मामले में गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद विधायक को जिला जेल जांजगीर भेज दिया गया है, जहां वे 22 जनवरी 2026 तक न्यायिक रिमांड पर रहेंगे।

यह मामला बम्हनीडीह सहकारी समिति से जुड़ा हुआ है, जहां विधायक बालेश्वर साहू अपने कार्यकाल के दौरान प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। आरोप है कि उन्होंने अपने सहयोगी गौतम राठौर के साथ मिलकर एक किसान के केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) लोन के नाम पर फर्जीवाड़ा किया।

पीड़ित किसान राम कुमार शर्मा, निवासी परसापाली, थाना सारागांव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में यह तथ्य सामने आया कि वर्ष 2015 से 2020 के बीच किसान के फर्जी हस्ताक्षर एवं अंगूठा निशान लगाकर उसके बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 42 लाख 78 हजार रुपये की राशि आहरित की गई। यह पूरी राशि किसान की जानकारी और सहमति के बिना निकाली गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की गंभीरता से जांच की गई, जिसके बाद थाना चाम्पा में अपराध क्रमांक 450/2025 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि में अपराध पंजीबद्ध किया गया। इस प्रकरण में सह-आरोपी गौतम राठौर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

विवेचना पूर्ण होने के उपरांत पुलिस द्वारा 09 जनवरी 2026 को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा चालान स्वीकार किए जाने के बाद जेल वारंट जारी किया गया। विधायक बालेश्वर साहू द्वारा उसी न्यायालय में रेगुलर बेल के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया।

इसके पश्चात पुलिस ने विधायक को विधिवत गिरफ्तार कर जिला जेल जांजगीर दाखिल कर दिया। यह मामला न केवल जिले की राजनीति बल्कि सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है और इसे जिले में एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!