
महेंद्र सिंह राय बिलासपुर। मस्तुरी क्षेत्र के टिकारी संकुल अंतर्गत ग्राम पंचायत डोड़की स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में संकुल स्तरीय सांस्कृतिक, टी.एल.एम., एफ.एल.एन., आनंद मेला एवं जादुई पिटारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संकुल के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं तथा छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सीखने के प्रति रुचि बढ़ाना रहा। इसी अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधान पाठक रामेश्वर सुमन एवं उत्तरा कुमार राव को शिक्षकों द्वारा केक काटकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। दोनों शिक्षकों ने अपने सेवाकाल में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही उनका उज्ज्वल भविष्य संभव है। उन्होंने शिक्षकों से समयबद्धता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।




