छत्तीसगढ़पामगढ़

एग्रीस्टैक पोर्टल की गड़बड़ी और रकबा भिन्नता को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने किया एस.डी.एम. कार्यालय पामगढ़ का घेराव

पामगढ़, 29 अक्टूबर 25। एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की समस्या और धान खरीदी सोसायटी एवं पोर्टल में रकबा की भिन्नता के विरोध में विधायक श्रीमती शेषराज हरवंश के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पामगढ़ ने बुधवार को एस.डी.एम. कार्यालय पामगढ़ का घेराव किया।

कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि एग्रीस्टैक पोर्टल में लगातार तकनीकी दिक्कतों के चलते किसानों का पंजीयन प्रभावित हो रहा है, वहीं धान खरीदी सोसायटियों के आंकड़ों और पोर्टल पर दर्ज रकबे में भारी अंतर है। इससे हजारों किसान धान विक्रय से वंचित हो सकते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर चौक पामगढ़ से हुई, जहाँ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली निकाली गई। सैकड़ों किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए एस.डी.एम. कार्यालय की ओर कूच किया।

गेट पर पहुँचने पर पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को पार करने के प्रयास में हल्की झूमाझटकी की स्थिति बनी। आंदोलन उग्र होता देख विधायक श्रीमती शेषराज हरवंश एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नवल सिंह ने हस्तक्षेप कर किसानों को शांत कराया।

कांग्रेसजनों ने एस.डी.एम. की उपस्थिति में ही ज्ञापन देने की मांग की। तत्पश्चात एस.डी.एम. के पहुँचने पर विधायक ने किसानों की समस्याएँ विस्तार से बताईं और एग्रीस्टैक पंजीयन की तिथि बढ़ाने, पूर्ववत रकबे के अनुसार धान खरीदी सुनिश्चित करने, एवं पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग रखी।

विधायक शेषराज हरवंश ने कहा हमारा अन्नदाता किसान देश की रीढ़ है। किसानों के अहित को कांग्रेस कभी सहन नहीं करेगी। सरकार की नीति स्पष्ट रूप से किसान विरोधी है और धान खरीदी में जानबूझकर बाधाएँ खड़ी की जा रही हैं।

ब्लॉक अध्यक्ष नवल सिंह बोले कांग्रेस पार्टी हर हाल में किसानों के साथ खड़ी है। जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिलेगा, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

घेराव के प्रमुख मुद्दे – 

  •  एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों के रकबे में कटौती।
  •  हजारों किसानों का अब तक पंजीयन न होना।
  • किसानों को न्याय दिलाने हेतु ठोस कार्यवाही की मांग।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित विधायक शेषराज हरवंश, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नवल सिंह, प्रदेश सचिव हरप्रसाद साहू, मंडल अध्यक्ष पामगढ़ योगेश बघेल, विधायक प्रतिनिधि नीरज खुटे, मंडल अध्यक्ष मुलमुला शराजकपूर साहू, मंडल अध्यक्ष रसोटा साखीराम, मंडल अध्यक्ष लोहर्सी सुरेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष कोसला प्रमेंद्र यादव, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रहौद प्रहलाद देवांगन, पार्षद आकाश यादव, अशोक खूंटे, अमितेंद्र सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विजय यादव, उदल कश्यप, परम कुर्रे, घनश्याम, घासीराम, सजेंद्र, राजेश, किशोर, नरेश, कोमल ब्रम्हभट्ट, कल्याण बर्मन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं सेवा दल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!