लगातार बारिश से महानदी उफान पर, शिवरीनारायण सहित आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा; प्रशासन अलर्ट

शिवरीनारायण, 30 जुलाई। प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के चलते महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शिवरीनारायण में महानदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट जारी करते हुए राहत एवं बचाव दलों को तैनात कर दिया है।
महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी से लगे गांवों के लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
महानदी के बढ़ते जलस्तर का असर बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड स्थित रीवा सरार गांव में भी देखने को मिला है। गांव चारों ओर से पानी से घिर गया है, जिससे टापू जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। गांव में रहने वाले लगभग 35 ग्रामीणों का बाहरी दुनिया से संपर्क टूट गया है और सभी संपर्क मार्ग जलमग्न हो चुके हैं।
इधर, लगातार बारिश और सिकासार जलाशय से छोड़े गए पानी के कारण राजिम का त्रिवेणी संगम भी उफान पर है। सोंढूर, पैरी और महानदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से पंचमुखी कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर क्षेत्र सहित कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों के समीप नहीं जाने की अपील की गई है।
बारिश के कारण कई गांवों के खेत जलमग्न हो गए हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। जलभराव के चलते कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और फसलों में आवश्यक दवाइयों का छिड़काव भी नहीं हो पा रहा है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।



