
पामगढ़। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई विद्या निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पामगढ़ द्वारा शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को गोद ग्राम कोसला स्थित शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में एकदिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय प्राथमिक शाला कोसला के प्रधान पाठक जितेंद्र तिवारी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पालेश्वर शर्मा, दिनेश थवाईत (बंटी थवाईत), लव तिवारी एवं गौरव तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। विद्यालय की ओर से संस्था संचालक नरेंद्र पाण्डेय, प्राचार्य अशोक कुमार मिरे, विभाग प्रमुख अखिल शुक्ला तथा कार्यक्रम अधिकारी अंकित तिवारी एवं संजना साहू की उपस्थिति रही।
शिविर के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि जितेंद्र तिवारी ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में समाज सेवा, सामूहिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करते हैं। वहीं संस्था संचालक नरेंद्र पाण्डेय ने विद्यार्थियों को सेवा संकल्प के उद्देश्यों को अपनाते हुए समाजहित में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण बचाने और समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।




