छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपापामगढ़

बाल सुरक्षा, साइबर जागरूकता और कानूनी अधिकारों से रूबरू हुए बच्चे: जन साहस संस्था ने कराया जिला एक्सपोजर विजिट

जांजगीर-चांपा, 12 जून 2026। जन साहस संस्था, जांजगीर-चांपा द्वारा बाल संरक्षण, कानूनी जागरूकता एवं साइबर सुरक्षा के प्रति बच्चों को संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत कमरीद, मेंऊं एवं चंडीपारा के 18 बालक-बालिकाओं को जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों का भ्रमण कराया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व जन साहस संस्था की जिला समन्वयक आमना बेगम, जिला प्रिवेंशनिस्ट यूनिशा टंडन एवं केस वर्कर चेतन साहू ने किया।

एक्सपोजर विजिट के दौरान बच्चों ने सबसे पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) का भ्रमण किया। यहां चीफ जस्टिस संतोष गुप्ता ने बच्चों को बाल अपराधों, उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों, दंड व्यवस्था तथा पीड़ितों को मिलने वाली निःशुल्क क्षतिपूर्ति योजनाओं की जानकारी दी। इसके पश्चात साइबर सेल में दिव्या पांडे एवं सिदार पैकरा ने इंटरनेट एवं सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों, साइबर ठगी और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी साझा की।

इसके बाद बच्चों ने बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) का भ्रमण किया, जहां अध्यक्ष गणेश प्रसाद शर्मा ने पॉक्सो अधिनियम, बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों तथा संकटग्रस्त बच्चों को प्रदान की जाने वाली सहायता एवं सुरक्षा सेवाओं के बारे में बताया।

विजिट के अगले चरण में बच्चों ने सखी वन स्टॉप सेंटर (ओएससी) का भ्रमण किया। केंद्र प्रशासक निशा खान ने बच्चों को विभिन्न प्रकार की हिंसा, महिलाओं के अधिकारों तथा सखी केंद्र की भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह केंद्र हिंसा से प्रभावित और असहाय महिलाओं को सुरक्षा, परामर्श एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करता है।

इसके पश्चात बच्चों ने महिला थाना एवं जिला परामर्श केंद्र का भी दौरा किया। यहां महिला पुलिस कर्मी प्रतिभा एवं एलिसा ने बच्चों को थाना परिसर का भ्रमण कराते हुए महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं, परिवार परामर्श (काउंसलिंग) की आवश्यकता एवं उसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने अभिव्यक्ति एप के बारे में बताया, जिसके माध्यम से कोई भी पीड़ित व्यक्ति घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी ऐसे संस्थानों का भ्रमण कर कानूनी एवं सामाजिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि जन साहस संस्था के तत्वावधान में पामगढ़ विकासखंड की 10 पंचायतों में बालक एवं बालिका पंचायतों का गठन किया गया है, जिनमें 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे शामिल हैं। इन पंचायतों के माध्यम से बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को सामाजिक हिंसा, बाल अधिकार, साइबर अपराध और उनके रोकथाम संबंधी विषयों पर जागरूक किया जा रहा है। इसी पहल के अंतर्गत 18 बच्चों को यह जिला स्तरीय एक्सपोजर विजिट कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!