छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाई

भिलाई की बसाहट बचाने कल से घर-घर जाएंगे विधायक देवेंद्र यादव, सेक्टर-2 से शुरू करेंगे जनसंपर्क अभियान

नोटिस पाने वाले परिवारों से करेंगे मुलाकात, समर्थन जुटाकर आंदोलन को देंगे व्यापक स्वरूप

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी की टाउनशिप, सेक्टर-9 अस्पताल और मैत्री बाग के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव मंगलवार से जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे। अभियान की शुरुआत सेक्टर-2 से होगी, जहां वे घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और भिलाई की बसाहट बचाने के लिए समर्थन मांगेंगे।

विधायक ने गत दोनों मीडिया से चर्चा में कहा कि बीएसपी प्रबंधन ने पहले सेक्टर-9 अस्पताल को न बेचने और न ही निजी संस्था को लीज पर देने का आश्वासन दिया था। साथ ही टाउनशिप और मैत्री बाग की मूल बसाहट को सुरक्षित रखने की बात भी कही गई थी। उनका आरोप है कि छह माह बाद भी इस दिशा में कोई स्पष्ट पहल नहीं हुई है। वहीं, टाउनशिप के रहवासियों को नोटिस मिलने से लोगों में असुरक्षा और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ी है।

देवेंद्र यादव ने कहा कि वे उन परिवारों से सीधे संवाद करेंगे जिन्हें नोटिस मिले हैं। जनसमर्थन के आधार पर इस मुद्दे को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह गांधीवादी और लोकतांत्रिक तरीके से चलेगा।

विधायक का कहना है कि भिलाई केवल एक औद्योगिक शहर नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से आए लोगों की साझा संस्कृति और वर्षों की बसाहट का प्रतीक है। इसे किसी भी कीमत पर उजड़ने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो इस लड़ाई के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!