छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न

विकास कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सुनिश्चित करें – सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े

सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा

किसानों को खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता एवं फसल बीमा योजना की जानकारी देने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 16 जुलाई 2026। लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र प्रवर्तित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में, गुणवत्ता के साथ एवं पूर्ण पारदर्शिता से पूरे किए जाएं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचे।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

सांसद श्रीमती जांगड़े ने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण करने तथा विकास कार्यों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। सांसद ने मत्स्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने मत्स्य पालन को आजीविका का प्रभावी माध्यम बताते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।

बैठक में सांसद श्रीमती जांगड़े ने सड़क निर्माण एवं रखरखाव की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की सभी क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, इसलिए आवश्यक मरम्मत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न की जाए। सांसद ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए तथा आवास निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण न हो यह सुनिश्चित करें।

सांसद ने कृषि विभाग अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में किसानों के लिए खाद एवं बीज की किसी भी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए तथा सतत निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कृषकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न हो। बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सिंचाई व्यवस्था सुचारु रहे और किसानों को सिंचाई के लिए किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

सांसद श्रीमती जांगड़े ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित एवं प्रभावी संचालन करने कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं गर्भवती तथा शिशुवती माताओं को निर्धारित मानकों के अनुसार नियमित रूप से पोषण आहार वितरित किया जाए तथा केंद्रों में उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की सतत निगरानी की जाए। सांसद ने बाल संरक्षण योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना की प्रगति की समीक्षा की। सांसद ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा सभी केंद्रों में बच्चों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

सांसद ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं बच्चों को सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में चिरायु योजना, परिवार कल्याण कार्यक्रम, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, सिकल सेल उन्मूलन अभियान, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय नेत्र ज्योति अभियान तथा राष्ट्रीय मुख स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करे।

सांसद ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, सभी विद्यालयों में आवश्यकतानुसार शौचालय निर्माण एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जर्जर एवं असुरक्षित भवनों में विद्यालय संचालित न किए जाएं। सांसद ने मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में भोजन तैयार किया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी विद्यालय परिसरों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर हरित एवं स्वच्छ वातावरण विकसित करने के निर्देश भी दिए।

सांसद श्रीमती जांगड़े ने स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा कर अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आरसेटी की गतिविधियों के माध्यम से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ते हुए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं को भी रखा, जिन पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने सड़क सुरक्षा की भी समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, वनमंडलाधिकारी श्री हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, श्री गुलजार सिंह, श्री संदीप यादव, श्री विवेका गोपाल, सहित नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्षगण, सरपंचगण, जनप्रतिनिधिगण, सदस्यगण एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!