सड़क हादसा : कार की टक्कर से आठवीं की छात्रा की मौत, सहेली घायल, गांव में कोहराम

बिलासपुर :- सीपत क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में राशन लेकर लौट रही किशोरी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर से किशोरी पांच फीट उपर उछली और जमीन में गिरते की उसकी मौत हो गई। हादसे में किशोरी की सहेली को मामूली चोटे आई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज लेकर पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।
सीपत क्षेत्र के गुड़ी में रहने वाली सिमरन सूर्यवंशी(14) गुरुवार की सुबह राशन लेने के लिए गई थी। राशन लेने के बाद वह अपनी सहेली के साथ घर लौट रही थी। वह अपने घर के पास ही पहुंची थी। इसी दौरान बलौदा की ओर से आ रहे स्कार्पियो के चालक ने सिमरन और उसकी सहेली को टक्कर मार दी। तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से सिमरन सड़क से पांच फीट उपर उछल गई।
वहीं, उसकी सहेली को मामूली चोटे आई है। हादसे के बाद स्कार्पियो का चालक तेजी से वाहन चलाते हुए बिलासपुर की ओर भाग निकला। इधर सिमरन की मौके पर ही मौत हो गई। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। सड़क दुर्घटना में मृत सिमरन के आक्रोशित स्वजन और गांव वालों ने चक्काजाम कर दिया जो घंटो चलती रही। बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश पर मामला शांत हुआ और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।